वाराणसी। रमजान के आखिरी शुक्रवार को अदा की जाने वाली अलविदा की नमाज के अवसर पर वाराणसी में पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। शहर की प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे नमाज का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना सारनाथ क्षेत्र स्थित पुराना पुल बड़ी ईदगाह मस्जिद पहुंचकर अलविदा की नमाज के दौरान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान थानाध्यक्ष सारनाथ समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
इसी क्रम में थाना कैंट क्षेत्र के नदेसर मस्जिद में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यहां पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कैंट नितिन तनेजा तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिसकर्मी तैनात रहे। वहीं थाना लोहता क्षेत्र में भी अलविदा की नमाज के बाद प्रभारी निरीक्षक लोहता के साथ थाना परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी असामाजिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की सक्रियता के चलते अलविदा की नमाज शहर में पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









