रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 14 माओवादी ढेर कर दिए गए हैं। सुकमा में 12 जबकि बीजापुर में 2 नक्सली मारे जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुकमा के दक्षिणी जंगल क्षेत्र में सुबह करीब 8 बजे मुठभेड़ शुरू हुई थी। वहीं बीजापुर जिले में तड़के करीब 5 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी चलती रही। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की टीमों ने पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से AK-47, INSAS और SLR राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक मारे गए नक्सलियों में कोण्टा एरिया कमेटी से जुड़े कुख्यात माओवादी मंगटू उर्फ मंगडू और हुंगा मदकाम उर्फ हितेश भी शामिल हैं, जिन पर कई गंभीर मामलों में इनाम घोषित था।
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि ऑपरेशन के बाद भी पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष की शुरुआत में ही मिली यह सफलता सुरक्षाबलों के मनोबल को और मजबूत करेगी।
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में छत्तीसगढ़ में अलग-अलग अभियानों के दौरान अब तक 285 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश बस्तर संभाग के जिलों में ढेर किए गए। केंद्र सरकार द्वारा मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल नाश के लक्ष्य के तहत सुरक्षा, विकास और संवाद की रणनीति पर लगातार काम किया जा रहा है।









