सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सिविल लाइन मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 69 वर्षीय डॉ. राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। वह बीएएमएस डिग्रीधारी आयुर्वेद चिकित्सक थे और खैराबाद क्षेत्र में अपनी क्लीनिक चलाते थे। वह अपनी पत्नी शक्ति चौधरी के साथ घर में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर भोजन के बाद डॉ. चौधरी अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में चले गए, जबकि उनकी पत्नी नीचे काम में व्यस्त थीं। करीब एक बजे कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब उनकी पत्नी ऊपर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि डॉ. चौधरी बेड पर खून से लथपथ पड़े थे। गोली उनकी कनपटी को चीरते हुए आरपार निकल गई थी और पास में रिवॉल्वर पड़ा हुआ था।
पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद थी।
डॉ. चौधरी के दो बेटे हैं—एक एयरफोर्स में डॉक्टर के पद पर तैनात है, जबकि दूसरा लखनऊ में कानून की पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद से पत्नी गहरे सदमे में हैं और पुलिस ने उनके पास एक महिला सिपाही को तैनात किया है। बेटों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













