चंदौली। खड़ेहरा स्थित अमर ज्योति संस्था परिसर में शनिवार की शाम सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर दृष्टिबाधित बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, लोकगीत, ग़ज़ल एवं भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने 32 दिव्यांग बच्चों को स्मार्ट केन, ब्रेल किट, तीन व्हीलचेयर, 10 मंदबुद्धि शिक्षण किट और तीन हियरिंग किट वितरित किए।
ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना सबसे श्रेष्ठ कार्य है। यह न केवल जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां भरता है बल्कि सेवा करने वाले व्यक्ति को भी आत्मिक संतोष प्रदान करता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मानव सेवा को सच्ची पूजा माना गया है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। निस्वार्थ सेवा ही समाज को जोड़ती है और उसे बेहतर दिशा देती है। उन्होंने इसे सच्चे सुख और संतोष का मार्ग बताया।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक प्रेमचंद, कोऑर्डिनेटर सुजीत कुमार, आकाश मौर्या, जया, नीतू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









