वाराणसी। धर्मनगरी काशी में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी-2) ने त्रिदेव मंदिर के सामने स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में छापेमारी कर तीन युवतियों और एक ग्राहक को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया। गेस्ट हाउस संचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट वाराणसी की सीपी संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक कमरे से तीन युवतियां और एक ग्राहक पकड़े गए।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिससे देह व्यापार की पुष्टि हुई है। पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह रैकेट कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट का संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है और पुलिस की सक्रियता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।









