चंदौली।सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बथावर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घरेलू विवाद के चलते क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवान दास यादव ने अपनी पत्नी क्रीमकला (30 वर्ष) की फावड़े से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। घटना सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सकलडीहा, कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम गांव पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
विवाद बना हत्या का कारण
गांव वालों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखा फावड़ा उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया। क्रीमकला की मौके पर ही मौत हो गई।
आपराधिक इतिहास भी रहा है आरोपी का
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि भगवान दास यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में उसने सकलडीहा पीजी कॉलेज के छात्र नेता बबलू पर गोली चलाई थी, जिसके मामले में वह जेल भी जा चुका है।
पारिवारिक हालात
मृतका क्रीमकला का मायका चहनियां क्षेत्र के हिनौता गांव में था। उसकी तीन बहनें हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ससुराल की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था, जिसके चलते अक्सर विवाद होता रहता था। दंपत्ति के एक पुत्र और एक पुत्री भी हैं, जिनके सामने मां की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













