जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के बरजी गांव में शुक्रवार सुबह ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे जिले को दहला दिया। गांव के जाने-माने चिकित्सक डॉ. सुनील राजभर की अज्ञात बदमाशों ने निर्ममता से हत्या कर दी और वारदात के बाद उनका शव घर के ठीक सामने लटका दिया। इस घटना से गांव ही नहीं, आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।
सुबह ग्रामीणों ने जब डॉ. सुनील राजभर का शव घर के सामने लटका देखा तो अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही खेतासराय थाना पुलिस पहुंची, इसके बाद एसपी सिटी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डॉ. सुनील राजभर का निजी क्लीनिक गांव में ही उनके घर से कुछ दूरी पर था। वे क्षेत्र में एक सरल, मिलनसार और लोकप्रिय चिकित्सक के रूप में जाने जाते थे। उनकी इस तरह हत्या कर शव को सार्वजनिक रूप से लटकाना अपराधियों की क्रूरता और बेखौफ मानसिकता को दर्शाता है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। कुछ समय तक परिजनों ने पोस्टमार्टम का विरोध भी किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति संभली। गांव में मातम पसरा है और महिलाएं रो-रोकर बेहाल हैं।
पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन और अन्य सुरागों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और पुराने विवादों सहित हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस घटना ने जौनपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े और इस तरह की वारदात से लोग सहमे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्यारों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।













