चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध .32 बोर पिस्टल और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तारी सहजीर गांव से पहले भीखपुर रेना रोड अंडरपास के पास की गई।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे के निर्देश पर की गई कार्रवाई में मु0अ0सं0-96/2026, धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में वांछित आरोपी सूर्या प्रकाश सिंह उर्फ चुटुन सिंह (44), निवासी सहजीर, थाना मुगलसराय को दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध पिस्टल तथा बुलेट मोटरसाइकिल (UP67Q7557) बरामद हुई।
घटना 28 फरवरी की रात की बताई गई है। मवई कला निवासी राम प्रसाद यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि उनके पुत्र सोनू यादव और भांजे राकुमार यादव उर्फ गोलू समेत अन्य साथियों पर आरोपी ने फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की थी। सभी घायलों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिससे वह आवेश में आ गया और ट्यूबेल से असलहा लाकर कई राउंड फायरिंग कर दी। वारदात के बाद वह बिहार भाग गया था, जहां से लौटने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि वर्तमान प्रकरण में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी है।









