हाथरस। जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सादाबाद थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 141 के पास गढ़ी हरिया गांव के निकट दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि वैन में कुल 13 लोग सवार थे, जो दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे और होली का पर्व मनाने अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में वैन सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27) और उनकी पत्नी पिंकी (26) की पहचान हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक रमणंद कुशवाहा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। बस में सवार अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।
होली के मौके पर घर लौट रहे परिवार के साथ हुई इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।













