डीडीयू नगर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता ने एक बार फिर तस्करी के बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया। डीडीयू रेल मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट-डेहरी ऑन सोन की टीम ने 25 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार में अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के नेतृत्व में की गई। टीम अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक 58 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता नजर आया।
तलाशी में निकला 25 किलो गांजा
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संजय कुमार, निवासी नटवार रोड, विक्रमगंज रजिस्ट्री कार्यालय के पास, वार्ड-24, थाना विक्रमगंज, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है।
जब आरपीएफ टीम ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से करीब 25 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में संजय कुमार तस्करी के उद्देश्य से मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहा था।
जीआरपी को सौंपी गई कार्रवाई
आरपीएफ ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गांजा सहित जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।
अब आगे की जांच रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा की जा रही है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि तस्कर यह गांजा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
मादक पदार्थ तस्करी पर आरपीएफ की पैनी नजर
रेलवे प्रशासन ने हाल के वर्षों में मादक पदार्थ तस्करी को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। ट्रेन और स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए आरपीएफ की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि
“यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तत्काल सुरक्षा बल को सूचित करें। मादक पदार्थों की तस्करी न सिर्फ अपराध है, बल्कि समाज को भी खोखला करने वाला जघन्य कृत्य है।”
फिलहाल, संजय कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता- राहुल सिंह













