चंदौली। जिले के चकिया और बबुरी क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित गांवों में मंगलवार को जन कल्याण समिति की ओर से राहत सामग्री वितरित की गई। समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सरदार हरजीत सिंह ने हरितालिका तीज व्रत करने वाली महिलाओं के लिए श्रृंगार सामग्री, मिष्ठान और फल, वहीं छोटे बच्चों के लिए केसर दूध, रस, टोस्ट, बिस्किट और आरओ पानी उपलब्ध कराया।
महिलाओं की आस्था बनी रहे उद्देश्य
हरजीत सिंह ने कहा कि बाढ़ जैसी विषम परिस्थितियों में भी महिलाओं की आस्था बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा –
“तीज व्रत जैसे अवसर पर महिलाएं तनावमुक्त होकर पूजा कर सकें, यही हमारी कोशिश है। छोटे बच्चों को भी पौष्टिक आहार और सुरक्षित पानी मिले ताकि उनकी सेहत प्रभावित न हो।”

“मदद करना पुण्य का काम”
समाजसेवी ने आगे कहा कि बाढ़ की यह मुश्किलें कुछ दिन की हैं, जीवन जल्द ही पटरी पर लौटेगा। लेकिन इस दौरान जरूरतमंदों की छोटी-सी मदद भी उन्हें बड़ी राहत देती है। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि समिति आगे भी हर संभव सहयोग करती रहेगी।

अधिकारियों ने की सराहना
इस पुनीत कार्य के लिए एसडीएम दिव्या ओझा, तहसीलदार सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई.के. राय ने हरजीत सिंह और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों का सहयोग प्रशासन के प्रयासों को और प्रभावी बनाता है।
मौके पर उपस्थित लोग
इस अवसर पर समिति प्रबंधक नंदकुमार राय, सूरज तिवारी रिशु, अधिवक्ता प्रकाश नारायण सिंह निशु, अभय सिंह, लेखपाल तौफीक, लेखपाल राघवेंद्र सिंह, जितेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









