प्रयागराज। करेली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां काली माई मंदिर के समीप एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान अर्शिया खातून (उम्र करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का आरोप मृतका के दामाद इरफान पर लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही करेली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुलिस मामले से जुड़े अहम सुराग जुटाने में लगी हुई है।
हालांकि हत्या के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है। फिलहाल आरोपी दामाद की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।









