सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को चोपन रेलवे मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने जिले को 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें कई परियोजनाओं का लोकार्पण और अनेक का शिलान्यास शामिल है।
समारोह के संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनभद्र से सटे बिहार के लोगों ने हालिया चुनावों में जो जनादेश दिया है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकास एवं सुशासन नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा,
“यूपी और बिहार का रिश्ता उतना ही अटूट है, जितना श्रीराम और माता जानकी का संबंध।”
बिरसा मुंडा को नमन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 125 वर्ष पूर्व संसाधनों की कमी के बावजूद जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान दिया था और आज भी विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का आत्मसम्मान और स्वतंत्रता का संदेश आज भी प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल और राज्य मंत्री संजय सिंह गोंड मौजूद रहे। मंच पर अरुणाचल प्रदेश और सोनभद्र के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक करमा नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सीएम योगी ने रेलवे ग्राउंड में आदिवासी सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और जिले की विकास एवं पर्यटन पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद वे रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज में निवेशकों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
लोकार्पित प्रमुख परियोजनाएँ:
- 79.86 करोड़ रुपये से सोन नदी पर कोलिया घाट में बने पुल का उद्घाटन
- 25.89 करोड़ रुपये से बलुई–मीतापुर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
- 13.68 करोड़ रुपये से उरमौरा–राजपुर–बसौली–बहुआर–सिंदुरी मार्ग का चौड़ीकरण
- 12.37 करोड़ रुपये से 48वीं वाहिनी PAC में 200 क्षमता वाली बैरक
- 9.62 करोड़ रुपये से पुलिस लाइन में 150 पुरुष पुलिसकर्मियों की बैरक
शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाएँ:
- 30.78 करोड़ रुपये से जिला ग्राम्य विकास संस्थान भवन
- 24.59 करोड़ रुपये से नवीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय
- 12.51 करोड़ रुपये से घोरावल–कोहरथा–शिवद्वार मार्ग का चौड़ीकरण
- 11 करोड़ रुपये से नवसृजित ओबरा तहसील का आवासीय भवन
- 8.54 करोड़ रुपये से थाना जुगैल में आवास
- 5.22 करोड़ रुपये से नगर पालिका परिषद में कल्याण मंडपम का निर्माण









