ग़ाज़ीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आरटीसी प्रशिक्षण केंद्र में भर्ती आरक्षियों की चल रही अंतिम परीक्षाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि यह परीक्षाएं 17 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। इन परीक्षाओं में विभिन्न विषयों की फाइनल परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में भर्ती आरक्षी शामिल हो रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया अनुशासन, गोपनीयता और पारदर्शिता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
एसपी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी जाए, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन शुभम वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन तथा आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।









