चंदौली। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की आशंका को देखते हुए सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने रविवार को बलुआ, सराय, महुअर, हरधन, टांडा, हसनपुर समेत कई तटवर्ती गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने नाव से बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और लोगों से अपील की कि जल्द से जल्द प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में शरण लें।
गंगा के तेज बहाव से बढ़ा खतरा
विधायक ने कहा कि गंगा का बहाव बहुत तेज हो गया है और यह कभी भी गांवों में घुस सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि “गांव छोड़कर जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थान पर जाना ही फिलहाल सबसे बेहतर विकल्प है।”
प्रशासन को मदद के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने फोन के माध्यम से जिला प्रशासन से हरसंभव सहायता प्रदान करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविरों में भोजन, दवा, शौचालय और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
विधायक के साथ ये लोग रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, राजीव सिंह ‘मुन्ना’, प्रमोद यादव, ओम प्रकाश यादव, आनंद सोनकर, विक्रमा मास्टर, राम अवध, अरुण निषाद, और दिनेश प्रधान जैसे कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









