वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्पा सेंटर पर छापा मारा, जहां अनैतिक कार्य किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कचनार स्थित पशु अस्पताल के पास संचालित एक स्पा सेंटर को लेकर स्थानीय स्तर पर शिकायतें मिल रही थीं। मामले की सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद SOG 2 टीम ने रविवार को मौके पर छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियां मिलीं, जिसके आधार पर तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मौके से कुछ अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसीपी राजातालाब और पुलिस की विशेष टीम भी मौजूद रही। छापेमारी के बाद संबंधित स्पा सेंटर को सील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सेंटर के संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में पहले भी इस तरह के मामलों का खुलासा हो चुका है। लगातार कार्रवाई के बावजूद ऐसे अवैध स्पा सेंटर दोबारा सक्रिय हो जाते हैं, जिस पर पुलिस की निगरानी और सख्ती बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।









