मथुरा। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने रविवार देर रात मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 195 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान टीम ने तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य कन्हैया लाल सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जो अलीगढ़ जिले के खैर मालीपुरा गांव का निवासी बताया गया है।
सूत्रों के मुताबिक रविवार शाम एसटीएफ की आगरा फील्ड यूनिट को सूचना मिली कि रायपुर से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक कैंटर ट्रक गुप्त रूटों का इस्तेमाल करते हुए हरियाणा के फरीदाबाद की ओर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राकेश के निर्देशन में इंस्पेक्टर आकाश सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इसके बाद कोसीकलां पुलिस की मदद से न्यू कोसी-कामर रोड पर देर रात बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
करीब रात साढ़े आठ बजे संदिग्ध कैंटर (UP-81 GT-1636) बैरिकेडिंग के पास पहुंचा। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर ट्रक चालक और सहचालक घबरा गए और वाहन साइड में रोककर भागने लगे। हालांकि, एसटीएफ टीम ने करीब 20 कदम का पीछा कर चालक को दबोच लिया। उसकी पहचान कन्हैया लाल सिंह के रूप में हुई।
पूछताछ में कन्हैया ने स्वीकार किया कि ट्रक में अन्य सामान की आड़ में गांजा छिपाकर लादा गया था। उसने बताया कि वह अलीगढ़ निवासी ट्रक मालिक विनोद कुमार के निर्देश पर यह काम करता है। उसने खुलासा किया कि रायपुर से लाए गए मादक पदार्थ में से करीब दो क्विंटल गांजा ग्वालियर में उतारा गया, जबकि शेष खेप को फरीदाबाद पहुंचाना था। हर ट्रिप पर उसे 30 हजार रुपये मेहनताना दिया जाता था।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच मादक पदार्थ तस्करी में सक्रिय रहा है। बरामदगी के बाद पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और ट्रक मालिक विनोद कुमार सहित अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। एसटीएफ का दावा है कि जल्द ही गिरोह के सभी प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ब्यूरो प्रमुख- मथुरा













