वाराणसी। शहर में मंगलवार देर रात सरस्वती प्रतिमा की शोभायात्रा के दौरान पथराव की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। थाना शिवपुर क्षेत्र के गिलट बाजार से भोजूवीर की ओर जा रही शोभायात्रा जब अर्दली बाजार स्थित मस्जिद के सामने पहुंची, तभी अराजक तत्वों द्वारा अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि शोभायात्रा डीजे, नृत्य और जयघोष के साथ आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान हुए पथराव में शोभायात्रा में शामिल पांच श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि सरस्वती प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
स्थिति को बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हालात को नियंत्रित किया और प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही गिलट बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। बताया गया है कि शोभायात्रा में करीब 300 श्रद्धालु शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पथराव करने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।









