कुशीनगर। पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण अभियान के तहत डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग कार्य में शिथिलता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तनवर ने नोडल अधिकारी के माध्यम से तीन खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन तथा ऑनलाइन फीडिंग का कार्य प्रगति पर है। आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यह प्रक्रिया 20 फरवरी तक शत-प्रतिशत पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
बीते 16 फरवरी को आयोजित समीक्षा बैठक में ब्लॉक सेवरही, सुक़रौली और फाजिलनगर की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। समीक्षा के दौरान सामने आया कि सेवरही ब्लॉक में कुल 75096 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सापेक्ष मात्र 1559 मतदाताओं की ही ऑनलाइन फीडिंग की गई। इसी तरह सुक़रौली में 60680 संभावित मामलों में केवल 4074 प्रविष्टियां दर्ज हुईं, जबकि फाजिलनगर में 69719 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के मुकाबले सिर्फ 5532 प्रविष्टियां ही अपलोड की गईं।
जांच में यह भी पाया गया कि बीएलओ स्तर पर सत्यापन और विवरण संकलन की प्रक्रिया की गति काफी धीमी है, जिसके कारण जनपद की प्रगति प्रदेश स्तर पर भी कमजोर स्थिति में पहुंच गई है। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित बीडीओ से जवाब-तलब किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया है कि डी-डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम समय से सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और बीएलओ के माध्यम से सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।









