वाराणसी। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रतिष्ठित गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना की अगुवाई में सुबह से गोदौलिया चौराहे से लेकर दशाश्वमेध सहित विभिन्न घाटों तक सघन फुट पेट्रोलिंग की कार्रवाई की गई।
इस दौरान एडीसीपी सरवणन टी, एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी तथा क्षेत्रीय थाने के प्रभारी अधिकारी भी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस बल ने पैदल भ्रमण करते हुए घाटों पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों की तलाशी ली और पहचान पत्रों की जांच भी की।
फुट पेट्रोलिंग के साथ-साथ टीम ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया जहां अवैध रूप से दुकानें, ठेले या अन्य निर्माण किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। कई जगहों पर अतिक्रमण कर रहे लोगों को हटाया गया और आगे से ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को साफ संदेश दिया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह पहल गंगा घाटों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आम नागरिकों के लिए सुगम बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है। उनका कहना है कि सुरक्षा और स्वच्छता—दोनों को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार की कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।









