सोनीपत। हरियाणा के मुरथल स्थित बाबा नागे वाला धाम में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया—बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस पर किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण और राष्ट्रविरोधी साजिशों को पूरी ताकत से रोका जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने समाज से आह्वान किया कि जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। संतों, सामाजिक नेतृत्व और परिवारों को मिलकर बेटियों की सुरक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने धर्म की आड़ में सनातन को कमजोर करने वाले तत्वों को “कालनेमि” बताते हुए सतर्क रहने की जरूरत पर जोर दिया।
नाथ संप्रदाय की भूमिका पर बोलते हुए योगी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक शक्ति का मजबूत स्तंभ नाथ पंथ है और आने वाले समय में सनातन संस्कृति की वैश्विक गूंज और तेज होगी। काशी, अयोध्या और प्रयागराज का उदाहरण देते हुए उन्होंने आस्था की अभूतपूर्व शक्ति को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि सीमा पार से ड्रग्स भेजकर देश की पीढ़ी को कमजोर करने की साजिशें रची जा रही हैं—इन्हें हर हाल में नाकाम करना होगा। संयुक्त परिवार, सुसंस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी उन्होंने बल दिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित नाथ संप्रदाय के संत उपस्थित रहे। हवन-आरती के साथ संपन्न इस आयोजन में योगी आदित्यनाथ का संदेश साफ रहा—राष्ट्र, धर्म और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं और बेटियों की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं।









