वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से शहर में सनसनी फैल गई। कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर हमलावरों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह (पुत्र ऋषिदेव सिंह, निवासी ग्राम दुबैठा, सैदपुर, गाजीपुर) को सिर और कमर के नीचे समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। घटना के तुरंत बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके पर पिस्टल फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कमिश्नर सी.पी. अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा, एसीपी कैंट नितिन तनेजा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर हंगामा किया और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान मंजीत और अनूप के रूप में सामने आ रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।









