चंदौली।अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ का प्रथम दीक्षांत समारोह प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि और चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
8,507 विद्यार्थियों को मिली उपाधियाँ
दीक्षांत समारोह में कुल 8,507 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। इनमें 6,150 छात्राएँ शामिल रहीं। विशेष उपलब्धि यह रही कि 73 स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं में से 60 महिलाएँ थीं, जिससे समारोह महिला सशक्तिकरण का भी प्रतीक बना।
चंदौली की काजल मौर्य को रजत पदक
इस ऐतिहासिक समारोह में यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, चंदौली की छात्रा काजल मौर्य (पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग 2021 बैच) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रजत पदक से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा – “भविष्य में और आगे बढ़ो और अपने गुरुजनों तथा कॉलेज का नाम रोशन करो।”
अन्य छात्राओं को भी मिली उपाधि
कॉलेज की एम.एससी. नर्सिंग की छात्राएँ अर्चना राज, अनुराधा प्रजापति, रेणु और अजय को भी उपाधियाँ प्रदान की गईं।
कॉलेज परिवार में खुशी की लहर
कॉलेज प्रबंधक डॉ. धनंजय सिंह ने पदक विजेता और उपाधि प्राप्त छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि कॉलेज हमेशा अपने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए तत्पर है। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. जेनेट जे ने कहा कि –
यथार्थ नर्सिंग कॉलेज हमेशा अपने विद्यार्थियों की प्रगति और उत्कृष्ट शिक्षा के लिए संकल्पित है।”
विशेष संवाददाता- गनपत राय













