गोरखपुर। जनपद में उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को करीब 18 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। रविवार को भी इन्हीं केंद्रों पर लगभग 18 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। इस तरह दो दिनों में करीब 36 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
भर्ती परीक्षा को सकुशल और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जो पूरे समय व्यवस्था की निगरानी करते रहे। इसके अलावा पुलिस बल भी पर्याप्त संख्या में तैनात रहा।
परीक्षा के दौरान डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी व्यवस्था और अन्य इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
परीक्षा केंद्रों के बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई थी, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू किए गए थे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा दोनों दिन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए।













