रायगढ़। Raigarh जिले के छाल थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से एक ही फंदे पर लटके मिले। यह घटना ग्राम एडूकला के जंगल की बताई जा रही है, जहां महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20) के रूप में हुई है, जो भुंडीबाहरी गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों पिछले कई महीनों से शादी करने की योजना बना रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को भेज दिया गया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।









