जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के संगीत प्रेमी युवाओं के लिए एक बड़ी और सुखद पहल के रूप में जमानियाँ में ‘स्वर साधना केन्द्र’ का विधिवत शुभारम्भ किया गया। स्टेशन बाजार स्थित प्रो किड्स एकेडमी परिसर में स्थापित इस केन्द्र का उद्घाटन फीता काटकर तथा माँ सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ श्रद्धा और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मौजूद गणमान्य लोगों ने कहा कि अब ग्रामीण अंचल के युवाओं को शास्त्रीय संगीत सीखने के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। ‘स्वर साधना केन्द्र’ स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सही दिशा देने का कार्य करेगा। इससे न केवल सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र से प्रशिक्षित कलाकार भविष्य में जनपद और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान भी बना सकेंगे।
केन्द्र के शिक्षक वरुण दूबे ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत (गायन एवं वादन) की शिक्षा अनुभवी और प्रशिक्षित संगीतज्ञों द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही संगीत विषय से जुड़ी सीबीएसई, यूपी बोर्ड, टीजीटी एवं पीजीटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थी शैक्षणिक और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने बताया कि केन्द्र में शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ विशुद्ध भोजपुरी लोक संगीत की शिक्षा भी दी जाएगी, जिससे क्षेत्र की लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत को संरक्षित और प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा विद्यार्थियों को हारमोनियम, तबला, पियानो, सितार, गिटार, ढोलक, बैंजो और ऑक्टापैड जैसे विभिन्न वाद्य यंत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ‘स्वर साधना केन्द्र’ की स्थापना से गांव और कस्बों के उन बच्चों को बड़ा अवसर मिलेगा, जिनमें प्रतिभा तो है लेकिन संसाधनों के अभाव में वे आगे नहीं बढ़ पाते थे। यह केन्द्र कला, संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में एस.एन. साहनी, विमलेश कुमार उपाध्याय, गणेश राय, प्रमोद यादव, अनिल निषाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।













