लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब कोलकाता जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E505 में उड़ान से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई। निर्धारित समय सुबह 7:40 बजे उड़ान भरने से पहले आई इस समस्या के कारण विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया।
इस दौरान फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों को करीब एक से सवा घंटे तक विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा। यात्रियों में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी मौजूद थे।
सूचना मिलते ही एयरलाइंस की इंजीनियरिंग टीम ने विमान की जांच शुरू की। तकनीकी समस्या को दूर करने के बाद फ्लाइट को सुबह 8:59 बजे कोलकाता के लिए रवाना किया गया। दोनों उपमुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कार्यक्रम के सिलसिले में कोलकाता पहुंचे।
घटना की खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुई, जहां लोगों ने यात्रियों को हुई असुविधा पर प्रतिक्रिया दी, वहीं किसी बड़े हादसे से बचने पर राहत भी जताई।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले 7 मार्च को भी केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसमें केबिन में धुआं भरने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। हालांकि इस बार भी समय रहते समस्या का समाधान हो गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।









