वाराणसी। काशी घूमने आए एक 15 वर्षीय किशोर की गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा केदार घाट पर उस समय हुआ जब वह अपने परिवार के साथ स्नान कर रहा था।
महाराष्ट्र के सतारा जिले से आए प्रयाग सचिन सुबह गंगा में स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा में सघन तलाशी अभियान चलाया और कुछ देर बाद किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। काशी दर्शन के लिए आए परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजन रो-रोकर बेसुध हैं और पूरे घटना से गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन ने गंगा के घाटों पर गहरे पानी और तेज धारा को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।









