सोनभद्र। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच पिपरी पुलिस और साइबर टीम की तत्परता एक पीड़ित नागरिक के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से साइबर ठगी के जरिए निकाले गए पूरे 1 लाख 90 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में सुरक्षित वापस करा दिए गए।
मामला थाना पिपरी क्षेत्र की हिंडालको कॉलोनी, रेनूकूट निवासी सौरभ नंदा से जुड़ा है, जिनके खाते से अज्ञात साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर बड़ी रकम ट्रांसफर कर ली गई थी। ठगी की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही पिपरी थाना पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई और बिना समय गंवाए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के मार्गदर्शन में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम ने बैंक को पत्राचार कर संदिग्ध खाते में ट्रांसफर की गई रकम को तुरंत होल्ड कराया। इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पूरी 1.90 लाख रुपये की राशि पीड़ित के मूल खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित सौरभ नंदा ने पिपरी पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया और उनकी कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई न होती तो यह रकम वापस मिलना मुश्किल हो सकता था।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह तथा महिला आरक्षी अर्चना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।









