चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र के तियरा गांव अंतर्गत महारथपुर में सोमवार का दिन विकास के लिहाज से ऐतिहासिक बन गया। मनरेगा योजना के तहत 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवर का भव्य लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि अमृत सरोवर केवल एक तालाब नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की रीढ़ है। यह परियोजना जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण जीवनशैली को सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जल संरक्षण अभियान को धरातल पर उतारने का यह एक सशक्त उदाहरण है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और गांव का स्वरूप भी बदलेगा।
जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने कहा कि अमृत सरोवर को बहुउद्देशीय उपयोग को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। तालाब के चारों ओर पक्की सीढ़ियों का निर्माण, जल निकासी एवं सिंचाई की समुचित व्यवस्था, टहलने के लिए पाथवे ट्रैक, ओपन जिम, ट्री गार्ड और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह सरोवर ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य, सामाजिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण का केंद्र बनेगा।
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने बताया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि जल संचयन से भूजल स्तर में सुधार होगा, जिससे आने वाले समय में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं में कमी आएगी। यह परियोजना ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली प्रदान करेगी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि अमृत सरोवर जैसे कार्य गांवों की तस्वीर बदलने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि छठ महापर्व जैसे आयोजनों के दौरान ब्रती महिलाओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिलेगी, जिससे यह सरोवर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा।
लोकार्पण के बाद अधिकारियों ने सरोवर परिसर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की सराहना की। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब गांव में सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और सामूहिक गतिविधियों के लिए एक सुंदर और सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो गया है।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही अमृत सरोवर की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के राधिका समूह और राधा समूह को सौंपी गई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, परियोजना निदेशक बीबी सिंह, चकिया चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, श्याम जी सिंह, एडीओ पंचायत अरविन्द सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुनील पाल, एडीओ आईएसबी अजय सिंह, लेखाकार प्रेम प्रकाश आर्य, जेई नेहा सिंह, राकेश सिंह, पीयूष सिंह, राजन सिंह, शिवेन्द्र सिंह, लव केशरी, ग्राम प्रधान तियरा लालब्रत पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीडीओ दिनेश सिंह द्वारा किया गया।













