चंदौली। चकिया नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के आदेश और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) चकिया के नेतृत्व में हुए इस अभियान ने पूरे कस्बे में हड़कंप मचा दिया। लंबे समय से मुख्य मार्गों पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और ठेलेवालों के खिलाफ यह कार्यवाही अचानक शुरू हुई, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।
नगर पंचायत चकिया कस्बा के मुख्य रास्तों पर आए दिन दुकानदार दुकान से बाहर सड़क तक सामान सजाकर रखते थे। कहीं ठेले, कहीं खोमचे, तो कहीं गोदाम जैसा दृश्य आम हो गया था। नतीजा यह होता था कि कस्बे में रोजाना जाम की समस्या खड़ी रहती थी। पैदल राहगीर हों या वाहन चालक—सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवा वाले वाहन भी जाम में घंटों फंसे रहते थे।
लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों और आने वाले दुर्गा पूजा के मद्देनज़र प्रशासन ने आखिरकार सख्ती दिखाई। शुक्रवार को एसडीएम चकिया, प्रभारी अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव और पुलिस बल की मौजूदगी में गांधी पार्क, मां काली नगर और मुख्य बाज़ार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटवाया गया। सड़क पर रखे गए ठेले, गोमती, खोमचे और अवैध रूप से फैलाया गया सामान हटवा दिया गया।
इस दौरान दुकानदारों को साफ चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। सामान जब्त करने से लेकर जुर्माना लगाने तक की तैयारी प्रशासन ने कर रखी है। एसडीएम चकिया ने स्पष्ट कहा कि – “नगर में आमजन की सुविधा सर्वोपरि है। किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोबारा सड़क पर कब्जा करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।”
प्रशासन की अचानक की गई इस कार्रवाई ने अवैध कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों के बीच हड़कंप मचा दिया। कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, तो कुछ लोग अफसरों से मिन्नतें करते भी दिखे। वहीं स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि अब उन्हें रोजाना जाम की समस्या से निजात मिलेगी और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों पर भीड़-भाड़ में भी आसानी से आवाजाही हो सकेगी।
नगर के बुजुर्गों और व्यापारियों ने भी माना कि अतिक्रमण हटना जरूरी था। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी थी। आए दिन जाम में फंसने से आम जनता बेहद परेशान थी, लेकिन अब स्थिति सुधरने की उम्मीद है।
चकिया नगर में शुक्रवार का दिन प्रशासनिक सख्ती और दुकानदारों में हड़कंप के नाम रहा। जहां एक ओर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देकर भविष्य में सख्त कार्रवाई की तलवार लटका दी गई, वहीं आम नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया।













