चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी राजेश कुमार का शव चकिया की जागेश्वर नाथ पहाड़ी पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले आठ दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। पोस्टमार्टम के बाद जब शव अलीनगर लाया गया तो आक्रोशित परिजनों ने बीच सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और मृतक की पत्नी पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।
परिजनों के अनुसार, राजेश कुमार अचानक लापता हो गया था और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। इसी बीच चकिया क्षेत्र में पहाड़ी पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई, जिसमें शव की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अलीनगर पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन आक्रोशित हो उठे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने मृतक की पत्नी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपों की गंभीरता से पड़ताल करने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









