चंदौली। अस्मिता नाट्य संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चंदौली रंग महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को राष्ट्रीय एकता पदयात्रा के साथ हुआ। यह पदयात्रा शास्त्री पार्क से शुरू होकर सुभाष पार्क तक निकाली गई, जिसमें कला, संस्कृति और एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों और टीमों का स्वागत करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। साथ ही संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
अस्मिता नाट्य संस्थान के महासचिव विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि चंदौली रंग महोत्सव 3 जनवरी से 6 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। नाट्य, लोक कला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों को विविध रंग देखने को मिलेंगे।
पदयात्रा और उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान फैयाज अंसारी, राकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रहरी, घनश्याम विश्वकर्मा, बृजेश गुप्ता, निक्की गुप्ता सहित मणिपुर से आए कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन कृष्ण मोहन गुप्ता ने किया।









