चंदौली। मुगलसराय कोतवाली को नया नेतृत्व मिल गया है। रविवार को संतोष कुमार सिंह ने नवागत कोतवाल के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में मजबूत कानून-व्यवस्था, निष्पक्ष पुलिसिंग और आमजन का भरोसा कायम करना रहेगा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान और अपराध नियंत्रण को लेकर ठोस कार्ययोजना पर काम करने की बात कही।
कोतवाली परिसर में सीओ अरुण कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर उन्होंने टीमवर्क, अनुशासन और संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया। इसके साथ ही क्षेत्र के वर्तमान और पूर्व ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
नए कोतवाल ने साफ कहा कि जुआ, अवैध शराब, माफियागिरी और छेड़छाड़ जैसी गतिविधियों पर किसी भी हाल में सख्ती बरती जाएगी। गश्त व्यवस्था को अधिक सक्रिय किया जाएगा और तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए कोतवाल के नेतृत्व में मुगलसराय क्षेत्र में पुलिसिंग और अधिक प्रभावी व जनहितकारी होगी।









