वाराणसी। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने विकास खंड आराजी लाइन अंतर्गत ग्राम पंचायत नागेपुर में ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल लगाई। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाना रहा। चौपाल में योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं की जानकारी मिल रही है और कई लाभार्थियों को लाभ भी प्राप्त हुआ है, लेकिन कुछ मामलों में अभी भी समस्याएं बनी हुई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, ताकि उन्हें पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल क्षति का शीघ्र मुआवजा दिलाने तथा पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन से संबंधित शिकायतों को भी मौके पर ही निस्तारित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि चौपाल के दौरान ही पात्र वंचित लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। महिलाओं के लिए चलाई जा रही आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
चौपाल के उपरांत जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मतदाता सूची में एएसडी, अनकलेक्टेबल एवं अनमैप्ड मतदाताओं, फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), 6ए, 7 और 8 की प्रक्रिया की जानकारी दी। निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर की समय-सीमा एक माह बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम सत्यापित करें तथा आवश्यक होने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से फार्म-6 भरकर बीएलओ को देने या https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीसी मनरेगा पवन कुमार सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।













