चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने नगर की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सड़क, नाली और जल निकासी जैसी समस्याओं को हर हाल में एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओवरब्रिज से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक जाने वाली सड़क को चौड़ा करने का आदेश पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को दिया। साथ ही एनएचआई द्वारा बनाई गई नालियों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। कई जगह क्षतिग्रस्त व चोक पड़ी नालियों और टूटे ढक्कनों को लेकर उन्होंने एनएचआई के अफसरों को सख्त फटकार लगाई और तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
मठ वाली गली की जल निकासी समस्या पर जिलाधिकारी ने जल निगम को पक्का नाला और चैंबर बनाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं रेलवे ओवरब्रिज के पास नाली टूटने व चोक होने की स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की और तत्काल सुधार की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि नागरिकों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और तय समय सीमा में परिणाम दिखाएं।









