डीडीयू नगर। मंडल में सुरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीडीयू मंडल लगातार संरक्षा मानकों को मजबूत करने में जुटा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मंडल कार्यालय स्थित सभागार में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के उन रेल कर्मियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी सतर्कता, जिम्मेदारी और त्वरित कार्यशैली से संभावित दुर्घटनाओं को टालते हुए संरक्षा सुनिश्चित की।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने इंजीनियरिंग, विद्युत (परिचालन), यांत्रिक (कैरिज एंड वैगन) और परिचालन विभाग के कुल 12 चयनित कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया। ये वे कर्मचारी हैं जिन्होंने अपने जमीनी अनुभव, तकनीकी दक्षता और समय पर लिए गए निर्णयों से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह का आयोजन संरक्षा विभाग के समन्वय में किया गया। इस दौरान डीआरएम उदय सिंह मीना ने कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सबसे अहम योगदान लाइन पर कार्य करने वाले कर्मियों का होता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सतर्कता और उनकी तकनीकी समझ के कारण ही मंडल में संरक्षा स्तर लगातार मजबूत हो रहा है।
डीआरएम ने उपस्थित कर्मचारियों को आगे भी इसी सतर्कता, सजगता और प्रोफेशनलिज़्म के साथ कार्य करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के अनुभव से न केवल दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है, बल्कि संरक्षा से जुड़ी कमियों को पहचानकर भविष्य की प्रणाली को भी बेहतर बनाया जा सकता है।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सहित engineering, electrical, C&W और operations विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान रेल कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार सतर्कता और टीमवर्क के कारण कई संभावित घटनाओं को समय रहते टाला गया।









