शहाबगंज। मंडल स्तर से सपोर्टिव एवं सुपरविजन टीम में शामिल डिप्टी सीएमओ स्तर के चिकित्सक डा. शैलेन्द्र सील तथा आईडीएसपी के डीडीएम आशीष कुमार ने रविवार को तीन दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शहाबगंज ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटवांमाफी व इलियां, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा उपकेंद्रों की व्यवस्थाओं की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान मंडलीय टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर विद्युत व्यवस्था, जांच संबंधी मशीनों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आवश्यक दवाओं की सूची के अनुरूप स्टॉक की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। लेबर रूम में उपलब्ध उपकरणों एवं मशीनों की जांच की गई, साथ ही डिलेवरी रूम में भर्ती मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है या नहीं, इसका भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
टीम ने एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह, ब्लड प्रेशर, वजन आदि की नियमित जांच की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों को बाहर की दवाएं लिखे जाने पर नाराजगी जताई गई और स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का ही प्राथमिकता से वितरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण में कुछ जांच मशीनें बंद पाई गईं, जिस पर मंडलीय अधिकारियों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को तत्काल उन्हें चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. एल.बी. शर्मा, डा. मणिकेश सिंह, डा. चंद्रगुप्त, डा. कांति त्रिपाठी, फार्मासिस्ट श्रवण कुमार, एआरओ, एचईओ अमर सिंह, वार्ड ब्वाय हरिद्वार, एलटी व स्टाफ नर्स सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।









