चंदौली। डीडीयू जंक्शन के पास बुधवार को रेल परिसर उस वक्त सन्न रह गया, जब खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ा एक व्यक्ति पल भर में आग का गोला बन गया। आरआरआई क्षेत्र के समीप हुए इस हादसे में हाईटेंशन तार की चपेट में आते ही तेज चिंगारी निकली और व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दृश्य इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले सब खत्म हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति अचानक मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ा। उसके शरीर पर अधिक कपड़े थे। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, हाईटेंशन लाइन से संपर्क होते ही जोरदार करंट दौड़ा और आग भड़क उठी। कुछ ही क्षणों में वह जिंदा जल गया। घटना के बाद स्टेशन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर व्यक्ति की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि व्यक्ति इंजन तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। हादसे ने एक बार फिर रेल परिसरों में सुरक्षा और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









