गोरखपुर। शहर के चम्पा देवी पार्क में आज से गोरखपुर महोत्सव 2026 की भव्य शुरुआत होने जा रही है। 11 जनवरी से 17 जनवरी तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन में कला, संस्कृति, संगीत और मनोरंजन का रंगीन संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महोत्सव का उद्घाटन आज पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा किया जाएगा। वहीं 13 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।
इस बार महोत्सव में मनोरंजन का स्तर और ऊंचा रखा गया है। मंच पर भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार रवि किशन और पवन सिंह अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे, जबकि लोक गायिका मैथिली ठाकुर अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। इसके साथ ही देश के मशहूर रैपर बादशाह की लाइव परफॉर्मेंस युवाओं के लिए खास आकर्षण होगी।
महोत्सव परिसर में शिल्प मेला, विविध व्यंजनों से सजा फूड कोर्ट, टैलेंट हंट, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जहां स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस बार गोरखपुर महोत्सव को पहले से अधिक व्यवस्थित, भव्य और यादगार बनाने की पूरी तैयारी की गई है।









