चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित फिजिक्स वाला ग्रुप से संबद्ध PW गुरुकुलम स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़खानी के मामले में नया मोड़ आ गया है। पीड़ित छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और जांच कर रही विवेचक उपनिरीक्षक अंजू यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को तीन अलग-अलग प्रार्थना पत्र सौंपे। परिजनों ने मांग की कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए, जिसके बाद प्रकरण की जांच अब क्षेत्राधिकारी (CO) को सौंप दी गई है।
परिजनों का आरोप है कि विवेचक ने दबाव में आकर जांच की दिशा कमजोर की और अब तक घटना से जुड़े DVR/NVR को कब्जे में नहीं लिया। उनका कहना है कि साक्ष्य सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी के बावजूद विवेचक ने जरूरी कदम नहीं उठाए, जिससे संदेह गहरा गया है।
परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर भी आरोप लगाया कि उसने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण CCTV फुटेज को जानबूझकर छिपाया है। परिजनों के अनुसार 13 अक्टूबर से 10 नवंबर तक परिसर में लगे कैमरों—विशेषकर ट्रैवलर, बैक गेट और केबिन—का फुटेज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इतने महत्वपूर्ण दिनों का रिकॉर्ड गायब होना बेहद संदिग्ध है और इससे DVR/NVR में छेड़छाड़ की आशंका बढ़ती है।
परिजन ने कहा कि स्कूल प्रशासन की भूमिका शुरू से ही सवालों के घेरे में रही है और फुटेज न देने से यह संदेह और गहरा हो गया है। उनका कहना है कि बिना उसी फुटेज के पूरी घटना की सच्चाई सामने आना संभव नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच CO स्तर के अधिकारी को हस्तांतरित कर दी है। परिजन उम्मीद जता रहे हैं कि अब निष्पक्ष जांच से उन्हें न्याय मिल सकेगा।









