बहराइच। जनपद में वन्यजीवों की बढ़ती दहशत एक बार फिर मासूम जान पर भारी पड़ गई। सुजौली थाना क्षेत्र के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत निशान गाड़ा रेंज के रमपुरवा ग्राम पंचायत स्थित मुखिया फॉर्म गांव में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही करीब छह वर्षीय बच्ची पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर ले गया। कुछ ही देर बाद बच्ची का शव घर से करीब 50 मीटर दूर मिला।
बताया जा रहा है कि मुखिया फॉर्म गांव निवासी मनोज की बेटी अनुष्का शाम करीब 6:30 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने घात लगाकर बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजनों और आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तेंदुए के पीछे दौड़े। खुद को घिरता देख तेंदुआ बच्ची को नहर की पटरी के पास झाड़ियों में छोड़कर जंगल की ओर छिप गया।
परिजन जब तक बच्ची को उठाकर लाते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही सुजौली थाना प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही वन विभाग की टीम, लेखपाल और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भी घटनास्थल पर पहुंचे।
वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की तलाश शुरू करने की बात कही है। ग्रामीणों में डर का माहौल है और वे वन्यजीवों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









