चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एएसपी अनंत चंद्रशेखर और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने की। इस दौरान मंडल के सम्मानित व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी सुरक्षा और यातायात से जुड़ी समस्याएं रखीं।
एएसपी ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जो भी शिकायतें मिली हैं, उन्हें तुरंत नोट कर समाधान किया जाएगा। अन्य समस्याओं के लिए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से बातचीत कर निराकरण का भरोसा भी दिया गया। जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि जो भी सीसीटीवी लगा सकते हैं, वह लगा लें, ताकि अवांछित गतिविधियों पर निगरानी बनी रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सैयदराजा त्रिमुहानी पर मूर्ति लगाने के लिए बने चबुतरे, जो आवागमन में बाधक हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। इसके अलावा, पुलिस गस्त बढ़ाई जाएगी और ट्रैफिक की व्यवस्था को सुचारू बनाने पर जोर दिया गया, ताकि सड़कों पर जाम की समस्या न हो।
जिलाध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा रहेगा और देश के आर्थिक विकास में व्यापारियों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए कोई दुर्व्यवहार नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष अर्चना देवी, शीला देवी, अनिरुद्ध जायसवाल, हरजीत सिंह, बबलू सोनी, बाबूजान, इम्तियाज खान, बबीता देवी, शनि उर्फ़ सफ्फाक खान, युवा जिलाध्यक्ष महैन्द्र गुप्ता, राजेश केशरी, सरदार दीपू सिंह, अल्केश राजू जी, इम्तियाज अहमद गुड्डू, जगन अग्रवाल सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।









