वाराणसी। नए साल की शुरुआत के साथ ही रेलवे यात्रियों के लिए अहम बदलाव लेकर आ रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे ने 1 जनवरी 2026 से नई समय-सारिणी लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत वाराणसी जंक्शन और वाराणसी सिटी स्टेशन से होकर गुजरने वाली कुल 20 ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। इस बदलाव का सीधा असर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और लंबी दूरी की ट्रेनों से यात्रा करने वालों पर पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुछ ट्रेनों को पहले समय पर चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन में देरी की गई है। यह निर्णय ट्रेनों के समयबद्ध संचालन, प्लेटफॉर्म प्रबंधन में सुधार और मार्गों पर बढ़ते ट्रैफिक को संतुलित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
इन रूटों की प्रमुख ट्रेनें शामिल
बदली गई समय-सारिणी में अहमदाबाद, पटना, उधना, कामाख्या, रांची, प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ रूट की कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और मेमू ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों के वाराणसी पहुंचने का समय बदला गया है, जबकि कुछ का ठहराव समय घटाया या बढ़ाया गया है, ताकि आगे के मार्गों पर संचालन सुचारू रह सके।
संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि नई समय-सारिणी यात्रियों की सुविधा और परिचालन सुधार को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी में कमी आएगी और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ भी नियंत्रित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि समय-सारिणी में बदलाव रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार किया गया है।
यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का अपडेटेड टाइम-टेबल अवश्य जांच लें। विशेष रूप से वे यात्री जो रोजाना अप-डाउन करते हैं या कनेक्टिंग ट्रेनों पर निर्भर हैं, वे नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह नई समय-सारिणी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी रहेगी और भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इसमें और संशोधन किए जा सकते हैं।













