वाराणसी। शहर में सर्राफा कारोबारी से जुड़े करोड़ों रुपये की चोरी के मामले का सफल और त्वरित खुलासा होने के बाद व्यापारी संगठनों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। इसी कड़ी में वाराणसी सर्राफा व्यापार मंडल ने काशी जोन के पुलिस उपायुक्त सरवन टी. जी. और दशाश्वमेध क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी को सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की।
सम्मान समारोह के दौरान सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन सेठ ने कहा कि पुलिस ने जिस तेजी और पेशेवर तरीके से मामले का खुलासा किया, उससे यह स्पष्ट है कि वाराणसी पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पुलिस की कार्यप्रणाली पहले से अधिक प्रभावी हुई है।
कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। भोजपुरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि पुलिस के सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के कारण व्यापारी वर्ग अब पहले की तुलना में कहीं अधिक निश्चिंत होकर कारोबार कर पा रहा है। वहीं नदेसर मोटर पार्ट्स व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि वाराणसी पुलिस का संरक्षण व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती दे रहा है और अपराधियों में डर का माहौल बना है।
समारोह में सर्राफा व्यापार मंडल के महामंत्री मुकुंद सेठ, अमित सेठ, राजकुमार सेठ, विजय सेठ, रत्नाकर वर्मा, रोहित सेठ, संरक्षक महेश्वर सिंह, मीरापुर बसही व्यापार मंडल के आनंद सोनकर सहित शहर के कई अन्य व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि और व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पुलिस की सक्रियता और सजगता की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा जताई।









