सोनभद्र। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए संबल बनी है। राबर्ट्सगंज स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक के पिता को दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया। यह सहायता राशि परिवार के लिए मुश्किल समय में बड़ी राहत साबित हुई।
केनरा बैंक राबर्ट्सगंज शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक आरिफ अब्बास और सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने सिद्दिकला क्षेत्र के भदोही गांव निवासी मृतक रविन्द्र के पिता सीताराम को बीमा क्लेम का चेक प्रदान किया। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने योजना की उपयोगिता और इसके लाभों की जानकारी भी दी।
बताया गया कि रविन्द्र बीते 30 सितंबर को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान 4 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
शाखा प्रबंधक ने जानकारी दी कि रविन्द्र ने करीब चार वर्ष पहले मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से खुद को जोड़ा था। यह बीमा बैंक मित्र शक्ति पाल के माध्यम से कराया गया था। मृत्यु के बाद परिजनों ने बैंक से संपर्क किया, जिसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बीमा राशि आश्रित को उपलब्ध कराई गई।
इस मौके पर सहायक प्रबंधक धर्मवीर सिंह, लोन अधिकारी जितेंद्र यादव, पवन कुमार गुप्ता, बैंक मित्र शक्ति पाल, संदीप कुमार सहित अन्य बैंककर्मी भी मौजूद रहे। बैंक अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे कम प्रीमियम वाली सरकारी बीमा योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार को सुरक्षित भविष्य दे सकते हैं।









