चंदौली। धानापुर विकासखंड के ग्राम सभा आवही में उचित दर विक्रेता द्वारा गरीबों के हक पर डाका डालने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सभा के कोटेदार राम अवतार पर करीब 100 कुंटल सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप सिद्ध होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। यह मामला पिछले चार माह से मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उजागर हुआ।
शिकायतों के क्रम में 16 दिसंबर 2025 को पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह ने आपूर्ति सहायक नितिन कुशवाहा के साथ मौके पर जांच की। निरीक्षण के दौरान उचित दर की दुकान वितरण समय पर बंद मिली। मौके पर विक्रेता उपस्थित नहीं थे और उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। फोन पर उनके पुत्र श्रवण कुमार ने बुआ के इलाज में व्यस्त होने की बात कही, लेकिन इस संबंध में कार्यालय में कोई भी लिखित अवकाश प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया था। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए दुकान को तत्काल सील कर दिया गया।
इसके बाद उप जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 दिसंबर 2025 को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सील खोलकर दोबारा निरीक्षण कराया गया। जांच में दुकान से 40 कुंटल गेहूं और 60 कुंटल चावल कम पाए गए। खाद्यान्न की भारी कमी पाए जाने पर प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान ग्राम सभा के कार्डधारकों के बयान भी दर्ज किए गए। कार्डधारकों ने बताया कि कोटेदार एक माह राशन देता था और अगले दो माह राशन नहीं देता था, जबकि हर माह मशीन पर अंगूठा जरूर लगवा लेता था। इस तरह लंबे समय से गरीब लाभार्थियों के हिस्से का राशन हड़पा जा रहा था।
जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद थाना धीना में 100 कुंटल खाद्यान्न की कालाबाजारी और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही संबंधित उचित दर दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।









