सोनभद्र। सोनभद्र बार एसोसिएशन (एसबीए) के वर्ष 2026–27 के चुनाव की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को टेंडर मतदान के साथ हुई। कुल 969 अधिवक्ता मतदाताओं में से सिर्फ 20 वकीलों ने टेंडर के माध्यम से अपने मत का प्रयोग किया। यह व्यवस्था उन अधिवक्ताओं के लिए की गई थी, जो निर्धारित मतदान तिथि पर किसी कारणवश उपस्थित नहीं रह पाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरेश सिंह एडवोकेट ने बताया कि टेंडर मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। टेंडर वोट डालने वाले अधिवक्ताओं में वरिष्ठ व कनिष्ठ दोनों वर्गों के नाम शामिल रहे। अब शेष 949 मतदाता 13 जनवरी को होने वाले मुख्य मतदान में हिस्सा लेंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी रणछोर प्रसाद पांडेय एडवोकेट के अनुसार, इस चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष—चार प्रमुख पदों के लिए मतदान होना है। इन चार पदों के लिए कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक 6 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि महामंत्री पद पर 4, कोषाध्यक्ष पर 3 और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 2 प्रत्याशी आमने-सामने होंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य 19 पदों पर केवल एक-एक नामांकन होने के कारण उन पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है।
चुनावी माहौल को देखते हुए शुक्रवार को प्रत्याशियों ने कचहरी परिसर में सक्रिय जनसंपर्क किया और अधिवक्ता मतदाताओं से समर्थन की अपील की।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी को मतगणना होगी, जिसके बाद एल्डर कमेटी चेयरमैन द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।













