चंदौली। धानापुर कस्बा में सोमवार की दोपहर एक महिला से नशीला पदार्थ सूंघाकर की गई लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दो युवक महिला को बहला-फुसलाकर उसके कान की सोने की बाली और गले का लॉकेट लेकर फरार हो गए। पूरी घटना कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ़-साफ़ कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
महराईं गांव निवासी मुन्ना की पत्नी सोमवार को मुराही प्रधान के यहां कागजात बनवाने के लिए धानापुर आई थीं। उन्होंने बताया कि बाजार में उन्हें दो युवक मिले। उन्होंने एक काले रंग का कागज दिखाते हुए कहा कि इसमें पैसे हैं, ले लीजिए। महिला ने इनकार किया तो युवकों ने जबरन कागज उसके हाथ में पकड़ा दिया।
महिला के अनुसार कागज पकड़ते ही उन्हें चक्कर जैसा आने लगा और आसपास की चीजें धुंधली दिखने लगीं। उन्हें आशंका है कि कागज में कोई नशीला पदार्थ लगा हुआ था। इसी बीच युवकों ने उन्हें बातचीत में उलझाया और कुछ क्षणों में ही उनके कान की सोने की बाली और गले का लॉकेट उतार लिया।
होश थोड़ा वापस आने पर महिला को एहसास हुआ कि उनके आभूषण गायब हैं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्होंने अपनी आपबीती बताई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बिना नंबर की राइडर बाइक से आए थे और लूट के बाद तेजी से फरार हो गए।
आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपियों की हरकतें कैद हुई हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक महिला को कागज पकड़ा कर कुछ देर बात करते हैं और फिर तेजी से बाइक की ओर बढ़ते हैं। स्थानीय लोग फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।
घटना के बाद बाजार में चर्चा है कि हाल के दिनों में बाहरी युवकों की आवाजाही बढ़ी है और पुलिस को गश्त बढ़ाने की जरूरत है। महिला को इस घटना से काफी सदमा पहुंचा है और परिजन भी चिंतित हैं।













