मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल में चर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक जीवन कृष्ण साहा को नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार कर लिया।
दीवार फांदकर भागने की कोशिश
ईडी की टीम जब मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान स्थित विधायक के आवास पर छापेमारी करने पहुंची, तो साहा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अचानक घर की दीवार फांद दी और भागने लगे। ईडी अधिकारियों ने तुरंत उनका पीछा किया और पास के खेत में दौड़ाकर पकड़ लिया। उस वक्त उनके कपड़े और शरीर मिट्टी से सने हुए थे।
सबूत नष्ट करने का प्रयास
अधिकारियों के अनुसार, साहा ने छापेमारी के दौरान सबूत नष्ट करने की कोशिश भी की। उन्होंने अपने दो मोबाइल फोन पास के तालाब में फेंक दिए। हालांकि, ईडी टीम ने गोताखोरों की मदद से दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए। इन्हें अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
हिरासत में लेकर पूछताछ
ईडी ने विधायक को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती घोटाले में उनके खिलाफ कई अहम सबूत मिले हैं।









